चुट्टूपालू घाटी हादसे के बाद बवाल, आक्रोशित भीड़ ने बस को किया आग के हवाले

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड के रामगढ़ जिले के चुट्टूपालू घाटी में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए। दुर्घटना में एक बच्ची की मौत से आक्रोशित लोगों ने रांची से सिलीगुड़ी जा रही एक यात्री बस में जमकर तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुट्टूपालू में मस्जिद के समीप टुसू पर्व के अवसर पर मेला लगा हुआ था, जहां भारी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान आरजू नामक बस घाटी मार्ग से गुजर रही थी, तभी वह बच्ची उसकी चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

यात्रियों को उतारने के बाद बस में लगाई आग

घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने पहले बस में तोड़फोड़ की। तोड़फोड़ के दौरान बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित  उतर गए थे । इसके बाद बस में आग लगा दी गई, जिससे कुछ ही देर में बस धू-धू कर जलने लगी।

दमकल देर से पहुंची, दोनों ओर लगा लंबा जाम

सूचना के बावजूद रात करीब 9 बजे तक दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी, जिस कारण बस पूरी तरह जल गई। आगजनी की घटना के बाद चुट्टूपालू घाटी मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए।

बाद में रामगढ़ से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। रात करीब 10 बजे के बाद सड़क को पूरी तरह क्लियर कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।