खूंटी, झारखंड :खूंटी जिले के पड़हा राजा सोमा मुंडा की निर्मम हत्या और राज्यभर में आदिवासी जमीन की हो रही लूट के विरोध में आदिवासी संगठनों ने 17 जनवरी को संपूर्ण झारखंड बंद का ऐलान किया है। संगठनों ने इस हत्याकांड में दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
बंद से एक दिन पूर्व आदिवासी संगठनों द्वारा राजधानी रांची में मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और हत्याकांड के खिलाफ आक्रोश जताते हुए राज्य सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की।
आदिवासी संगठनों ने बताया कि 17 जनवरी को होने वाले झारखंड बंद के दौरान राज्य के सभी स्कूल–कॉलेज, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, ऑटो-रिक्शा सेवाएं, व्यापारी संघ सहित आम जनता से पूर्ण समर्थन की अपील की गई है। संगठनों का कहना है कि जब तक आदिवासियों को न्याय और उनकी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।