रामगढ़  में माता वैष्णों देवी मंदिर के 35वें वार्षिकोत्सव पर 23 जनवरी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  : रामगढ़ जिले के झंडा चौक स्थित माता वैष्णों देवी मंदिर के 35वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर 23 जनवरी को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं माता की लाल चुनरी धारण कर शामिल होंगी।

वार्षिकोत्सव के सभी धार्मिक अनुष्ठानों के मुख्य यजमान हर्ष आनंद एवं उनकी पत्नी निशु आनंद होंगे। कलश यात्रा प्रातः 9 बजे माता वैष्णों देवी मंदिर परिसर से प्रारंभ होगी, जो झंडा चौक, गांधी चौक, मेन रोड, सुभाष चौक, शिवाजी रोड, लोहार टोला होते हुए चट्टी बाजार स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर पहुंचेगी। वहां कलश में जल भरने के बाद यात्रा पुनः माता वैष्णों देवी मंदिर लौटेगी।

माता वैष्णों देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव महेश मारवाह ने बताया कि कलश यात्रा की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि कलश उठाने वाली श्रद्धालु महिलाएं सुबह साढ़े आठ बजे तक मंदिर परिसर में पहुंचेंगी। मंदिर परिसर को आर्टिफिशियल फूलों एवं विद्युत बल्बों से आकर्षक रूप से सजाया गया है।

श्री मारवाह ने जानकारी दी कि 24 जनवरी को प्रातः 10 बजे गणेश पूजन, मंडप प्रवेश एवं अग्नि प्रवेश कराया जाएगा। वहीं 25 से 28 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से पूजन, शतचंडी पाठ एवं हवन का आयोजन होगा।

27 जनवरी को अपराह्न 3 बजे से मंदिर परिसर में माता की चौकी का आयोजन किया जाएगा, जबकि 28 जनवरी की रात्रि 9 बजे से माता की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। 29 जनवरी को पूर्णाहुति के उपरांत प्रातः 10 बजे से माता का विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।

माता वैष्णों देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से रामगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से वार्षिकोत्सव में सपरिवार शामिल होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की गई है।