चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम), झारखंड : झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ की सूचना है। इस मुठभेड़ में एक इनामी नक्सली समेत कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
कोल्हान प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों के हताहत होने की सूचना मिली है, लेकिन अंतिम पुष्टि के लिए सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुठभेड़ किरीबुरू और छोटानागरा थाना क्षेत्र के बीच स्थित सारंडा जंगल के कुमडी इलाके में हुई। इसके साथ ही जरायकेला थाना क्षेत्र के सामठा इलाके से भी एक नक्सली के मारे जाने की अलग से सूचना मिल रही है।
सूत्रों के अनुसार इस अभियान में सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिलने के संकेत हैं। वहीं क्षेत्र से आ रही जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और रुक-रुक कर गोलीबारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। लगातार फायरिंग की खबरों से पूरे सारंडा जंगल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि सारंडा जंगल को नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता है, जहां कई बड़े और इनामी नक्सली सक्रिय रहे हैं। इन्हीं की गिरफ्तारी या निष्क्रियता के उद्देश्य से पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा सारंडा, कोल्हान और पोड़ाहाट क्षेत्रों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।
हाल ही में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ने चाईबासा में एक उच्चस्तरीय बैठक की थी, जिसमें नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की रणनीति पर विचार किया गया था। बैठक के बाद झारखंड और ओडिशा से बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती सारंडा क्षेत्र में की गई थी।
माना जा रहा है कि वर्तमान मुठभेड़ उसी व्यापक और सुनियोजित अभियान का हिस्सा हो सकती है। नक्सलियों के मारे जाने की खबरों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि पश्चिम सिंहभूम (झारखंड) के सारंडा क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन की दिशा में सुरक्षा बल निर्णायक चरण में पहुंच चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 तक देश को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, और इसी क्रम में सारंडा क्षेत्र में लगातार सघन और समन्वित अभियान संचालित किए जा रहे हैं।