झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू में 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक हिरासत में

Spread the love

पतरातू ( रामगढ़ ), झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू में पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू श्री गौरव गोस्वामी ने अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 22 जनवरी को सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू के नेतृत्व में संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। इसके तहत पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान पतरातू बस्ती के शैतान चौक के पास एंटी क्राइम चेकिंग और संगठित गिरोह के अपराधियों का सत्यापन किया जा रहा था। तभी शैतान चौक से पतरातू बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या जेएच 24 एन 7447 पर सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद उसे रोककर विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के क्रम में युवक के कपड़ों की जेब से 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके आधार पर पतरातू बस्ती निवासी विशाल कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में पतरातू थाना कांड संख्या 24/2026, दिनांक 22 जनवरी 2026, धारा 17(बी)/21(बी)/27(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 16 हजार 400 रुपये नकद, 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

इस छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी, पुलिस इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानी नगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पतरातू थाना की रेणुका कुमारी दास, विक्रम तिग्गा, प्रदीप कुमार रजक सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।