रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिला, झारखंड के झंडा चौक स्थित माता वैष्णों देवी मंदिर का 35वां वार्षिकोत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत रविवार को शतचंडी पाठ का विधिवत शुभारंभ किया गया तथा यज्ञ मंडप में हवन संपन्न कराया गया।
अनुष्ठान के मुख्य यजमान हर्ष आनंद एवं उनकी पत्नी निशु आनंद को यज्ञाचार्य पंडित गोविंद वल्लभ शर्मा, मुरारी मोहन शर्मा, अंकित पाठक, सत्येंद्र दुबे, किशोर शर्मा, राजेश पांडेय और उपेंद्र पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अग्नि प्रवेश कराकर हवन कराया गया। वहीं सात ब्राह्मणों के दल द्वारा विधिपूर्वक शतचंडी पाठ किया जा रहा है।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर माता वैष्णों देवी के दर्शन एवं पूजन के लिए मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा द्वारा भक्तों को विधिविधान से पूजा-अर्चना कराई जा रही है। धार्मिक अनुष्ठानों के चलते मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है।
इस पावन आयोजन को सफल बनाने में पंजाबी हिन्दू बिरादरी एवं माता वैष्णों देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह सहित ट्रस्ट के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।