गणतंत्र दिवस पर रामगढ़, झारखंड के श्री कृष्ण विद्या मंदिर में जिला स्तरीय देशभक्ति ग्रुप डांस प्रतियोगिता, विजेताओं को मिलेंगे 51 हजार रुपये

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर 26 जनवरी 2026, सोमवार को रामगढ़ जिला, झारखंड के श्री कृष्ण विद्या मंदिर स्कूल परिसर में जिला स्तरीय देशभक्ति गीत पर आधारित ग्रुप डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता अपराह्न 02:30 बजे से शुरू होगी, जिसमें रामगढ़ जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग विद्यालयों से लगभग ढाई सौ प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। यह जिला स्तर पर आयोजित एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें देशभक्ति की भावना को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विजेता प्रतिभागियों के बीच कुल 51,000 रुपये की नगद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ गौशाला के अध्यक्ष बजरंगलाल अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीकृष्ण विकास संस्थान के अध्यक्ष महेश अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में रामगढ़ शहर के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ए. के. बरेलीया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता बंशीधर गोप विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर रामगढ़ शहर के कई गणमान्य अतिथियों के साथ-साथ लगभग एक हजार अभिभावकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
विद्यालय के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने बताया कि रामगढ़ जिला, झारखंड में जिला स्तर पर इस तरह की देशभक्त ग्रुप डांस प्रतियोगिता पहली बार श्री कृष्ण विद्या मंदिर के परिसर में आयोजित की जा रही है, जो विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देगी।