रामगढ़ (झारखंड) : श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ की ओर से नवम श्री श्याम फागुन महोत्सव का भव्य आयोजन श्री मारवाड़ी धर्मशाला के विशाल प्रांगण में संध्या 5:00 बजे से अत्यंत सुव्यवस्थित एवं आकर्षक ढंग से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन एवं बाबा श्री श्याम के जयकारों के साथ हुई, जिसके पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक कमल बगड़िया ने श्याम चौरासी कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
महोत्सव में श्री श्याम परिवार तुलसी धाम संस्था, कोलकाता के 15 सदस्यीय दल एवं श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, हजारीबाग के सदस्यों द्वारा बाबा श्री श्याम को एक से बढ़कर एक मधुर भजन अर्पित किए गए। इसके बाद रांची से पवन शर्मा, मदन सोनी एवं किशन गोयल ने भी अपने भजनों के माध्यम से बाबा श्याम से अरदास लगाई।
कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक माही गर्ग एवं राहुल शर्मा ने अपने जोशीले और भावपूर्ण भजनों से दरबार में उपस्थित सभी श्याम भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं जयपुर से आए भजन गायक महेश परमार ने अपने मधुर भजनों से श्याम प्रेमियों को भाव-विभोर कर दिया।
प्रातः महा आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ इस नवम श्री श्याम फागुन महोत्सव का सफल समापन हुआ। इस अवसर पर बाबा श्री श्याम के दरबार को देश-विदेश से मंगाए गए सुगंधित फूलों से अत्यंत सुंदर और अद्भुत ढंग से सजाया गया था। बाबा को 501 महाभोग प्रसाद का भोग अर्पित किया गया, जिसने भक्तों में विशेष श्रद्धा और आस्था का संचार किया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर एवं धर्मशाला संस्था, श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट तथा श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट का सराहनीय योगदान रहा। वहीं आयोजन को यादगार बनाने के लिए श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ के सदस्यों ने दिन-रात मेहनत की।
महोत्सव की सफलता पर श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी श्याम प्रेमियों के प्रति तहे दिल से आभार प्रकट किया है।