पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा : धर्मेंद्र को पद्म विभूषण, शिबू सोरेन, अलका याग्निक, ममूटी और रोहित शर्मा सहित कई दिग्गज सम्मानित

Spread the love

नई दिल्ली : गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 की घोषणा कर दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के लिए कुल 131 पद्म पुरस्कारों को स्वीकृति दी है। इस सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। सम्मानित होने वालों में कला, साहित्य, खेल, उद्योग, सामाजिक सेवा और जनसेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं। साथ ही विदेशी नागरिकों, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी के 6 लोगों को भी सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 16 व्यक्तियों को मरणोपरांत पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए हैं।

पद्म विभूषण पाने वाले प्रमुख नाम

पद्म विभूषण से इस वर्ष दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल (मरणोपरांत) को कला के क्षेत्र में सम्मानित किया गया है। इसके अलावा के. टी. थॉमस, एन. राजम, पी. नारायणन और वी. एस. अच्युतानंदन (मरणोपरांत) को भी इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है।

पद्म भूषण सम्मानित हस्तियां

पद्म भूषण पुरस्कार पाने वालों में प्रसिद्ध गायिका अलका याग्निक, अभिनेता ममूटी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (मरणोपरांत), उद्योगपति उदय कोटक, विजय अमृतराज, वेल्लापल्ली नटेसन सहित कई चर्चित नाम शामिल हैं। इसके अलावा कुछ व्यक्तियों को मरणोपरांत भी यह सम्मान प्रदान किया गया है।

पद्म श्री के लिए 113 नाम घोषित

पद्म श्री पुरस्कार के लिए इस वर्ष 113 नामों की घोषणा की गई है। इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी सविता पुनिया, अभिनेता आर. माधवन और दिवंगत अभिनेता सतीश शाह जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

पद्म पुरस्कारों की इस घोषणा के साथ ही देशभर में सम्मानित हस्तियों को लेकर उत्साह का माहौल है। ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं, जो भारत की विविध प्रतिभाओं और उपलब्धियों को सम्मान देने का प्रतीक हैं।