रामगढ़ (झारखंड) में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, सिदो–कान्हू स्टेडियम में हुआ जिला स्तरीय समारोह

Spread the love
झंडोत्तोलन के बाद सलामी देते उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक 

रामगढ़ (झारखंड) :77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को रामगढ़ जिले में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह सिदो–कान्हू स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

गणतंत्र दिवस परेड में शामिल झांकी

गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने सर्वप्रथम अपने आवासीय कार्यालय में ध्वजारोहण किया, इसके उपरांत सिदो–कान्हू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया, जिसके बाद ध्वजारोहण किया गया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बना। संविधान की प्रस्तावना नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों को दोहराने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करता है।

उपायुक्त ने जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रशासनिक पहलों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा “आपदा मित्र” योजना के तहत अब तक दो लाख से अधिक नागरिकों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे कई आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाई जा सकी है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ अब ऐसा जिला बन चुका है, जहां आम नागरिक भी प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता की भूमिका निभाने में सक्षम हैं।

ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए उपायुक्त ने बताया कि पहचान पत्र, पेंशन, रोजगार, सम्मान समारोह एवं “किन्नर उत्थान समिति” के गठन जैसे कदम उठाए गए हैं। साथ ही पर्यटन विकास के तहत पतरातू डैम में म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना, पलानी वाटरफॉल को ट्रेकिंग रूट के रूप में अधिसूचित करने सहित खेल, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, मनरेगा, समाज कल्याण, श्रम, खनन, विद्युत, नगर परिषद एवं राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ एवं स्वस्थ रामगढ़ के निर्माण में जनसहयोग की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ज्ञान मंदिर परसोतीया को प्रथम, ग्रामीण पुलिस चौकीदार को द्वितीय एवं गुरु नानक पब्लिक स्कूल रामगढ़ को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। बैंड प्रस्तुति में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामगढ़ को सम्मानित किया गया। झांकी प्रदर्शन में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण को प्रथम, जिला समाज कल्याण कार्यालय को द्वितीय एवं जिला शिक्षा कार्यालय रामगढ़ को तृतीय पुरस्कार मिला।

समारोह में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रघुनाथ प्रसाद सिंह की आश्रिता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन समाजसेवी कमल किशोर बगड़िया एवं अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक दिलीप शाह द्वारा किया गया, जिन्हें उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को भी सम्मान प्रदान किया गया। युवा कलाकार वैभव कुमार द्वारा भेंट की गई पेंटिंग के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, पुलिस प्रशासन, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में रामगढ़ जिले के नागरिक उपस्थित रहे।