रामगढ़ (झारखंड) : ढाई दशक पुरानी परंपरा टूटी, गणतंत्र दिवस पर रामगढ़ फुटबॉल मैदान में नहीं हुआ छावनी परिषद का समारोह,  छावनी परिषद कार्यालय में सादगीपूर्ण तरीके से झंडोत्तोलन किया गया

Spread the love

छावनी परिषद कार्यालय में सीईओ अनंत आकाश ने किया सादगी पूर्वक ध्वजारोहण

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ छावनी परिषद द्वारा रामगढ़ फुटबॉल मैदान में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित करने की लगभग ढाई दशक पुरानी परंपरा इस वर्ष 26 जनवरी 2026 को टूट गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रामगढ़ फुटबॉल मैदान में न तो ध्वजारोहण हुआ और न ही कोई सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसे लेकर शहर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

गणतंत्र दिवस के मौके पर केवल छावनी परिषद कार्यालय में सादगीपूर्ण तरीके से झंडोत्तोलन किया गया। छावनी परिषद कार्यालय में परिषद के मुख्य अधिशासी पदाधिकारी अनंत आकाश ने कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम के आयोजन नहीं होने का कारण फंड की कमी बताया गया है।

पूर्व वर्षों में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पहले छावनी परिषद कार्यालय में मुख्य अधिशासी अधिकारी द्वारा झंडोत्तोलन किया जाता था, इसके बाद रामगढ़ फुटबॉल मैदान में छावनी परिषद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण कर आम लोगों को संबोधित किया जाता था। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिषद संचालित सातों विद्यालयों की झांकियों का प्रदर्शन तथा सेना के बैंड की प्रस्तुति भी होती थी। शहर के बीचो-बीच स्थित होने के कारण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते थे।

इस वर्ष रामगढ़ फुटबॉल मैदान में कोई आयोजन नहीं होने से स्थानीय लोगों में निराशा देखी गई। नागरिकों का कहना है कि यह समारोह न केवल राष्ट्रीय पर्व का उत्सव होता था, बल्कि बच्चों और आमजन के लिए प्रेरणास्रोत भी था।

गौरतलब है कि रामगढ़ के अनुमंडल बनने के बाद एक समय रामगढ़ फुटबॉल मैदान में राज्य सरकार द्वारा भी गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे, जिनमें अनुमंडल पदाधिकारी मुख्य अतिथि होते थे। वर्ष 2003 में तत्कालीन छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी डीएन यादव और तत्कालीन एसडीओ राजेंद्र प्रसाद सिन्हा के कार्यकाल में परिषद और राज्य सरकार के अधिकारियों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद छावनी परिषद ने अपने स्तर से फुटबॉल मैदान में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित करने की सूचना दी थी।

इस विवाद को लेकर मामला झारखंड उच्च न्यायालय तक पहुंचा, जहां से छावनी परिषद को रामगढ़ फुटबॉल मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मिली थी । इसके बाद छावनी परिषद द्वारा वर्ष 2025 के अगस्त माह में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह तक लगातार यहां कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे। हालांकि, वर्ष 2026 के गणतंत्र दिवस पर अचानक समारोह आयोजित नहीं किए जाने से शहरवासियों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।