आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल मुकेश सिंह सलारिया (सेना मेडल) रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय परिसर तिरंगे की शान और देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा।

समारोह के दौरान स्वागत भाषण, देशभक्ति गीत, महिला सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य, ओजस्वी कविताएं एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें देखकर उपस्थित सभी लोग भावविभोर हो गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मूक अभिनय (माइम शो) रहा, जिसमें छात्रों ने समर्पण और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश दिया।

वर्ष 2026 में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें राष्ट्रप्रेम, एकता और स्वाभिमान का संदेश देता है। इस अवसर पर कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के छात्र विवेक प्रसाद को 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए चयनित होने पर मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त छात्र परिषद के अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नईसराय की कक्षा आठवीं की छात्रा ने विद्यांजलि परियोजना के तहत देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति अंतर-विद्यालयी भावनात्मक जुड़ाव का उत्कृष्ट उदाहरण रही।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल मुकेश सिंह सलारिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि हमारी भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के सही उपयोग पर बल देते हुए कहा कि आज के दौर में यह आवश्यक है कि छात्र तकनीक का उपयोग करें, न कि तकनीक उनका उपयोग करे।

कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन द्वारा “जय हिंद” के ओजस्वी उद्घोष के साथ किया गया।