थाना परिसर में वर्दी पहनकर रील बनाना थाना प्रभारी को पड़ा महंगा, पत्नी संग डांस पर विभागीय जांच

Spread the love

26 जनवरी को वायरल वीडियो के बाद पलामू पुलिस ने लिया संज्ञान

पलामू, झारखंड : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवादों में आ गए हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर थाना परिसर में पुलिस वर्दी पहनकर अपनी पत्नी के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने इस पर गंभीर रुख अपनाया है।

वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर सोनू चौधरी थाना परिसर में अपनी पत्नी को पुलिस की टोपी पहनाते हुए और उनके साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। थाना परिसर और आधिकारिक वर्दी के इस तरह निजी उपयोग को लेकर पुलिस विभाग की गरिमा और अनुशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

विभागीय जांच के आदेश

मामले की जानकारी मिलते ही पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए। हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मोहम्मद याकूब (आईपीएस) के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है और जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से परहेज किया जा रहा है।