रामगढ़ (झारखंड) : बैंक से जुड़े कार्यों की योजना बना रहे उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने अपने सदस्यों से 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होने की अपील की है। इसके चलते रामगढ़ (Jharkhand) सहित देश के कई जिलों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है।
हालांकि इस दिन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से कोई आधिकारिक बैंक अवकाश घोषित नहीं किया गया है, लेकिन हड़ताल के कारण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज पर असर पड़ सकता है।
इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा है कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण काउंटर से जुड़े कार्यों, जैसे नकद लेन-देन और चेक क्लियरिंग में देरी हो सकती है।
बैंक यूनियनों का कहना है कि वे केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए लेबर कोड के विरोध में हड़ताल कर रहे हैं। यूनियनों का आरोप है कि नए श्रम कानूनों से कर्मचारियों के अधिकार कमजोर होंगे, ट्रेड यूनियनों का पंजीकरण कठिन होगा तथा प्रबंधन को अधिक अधिकार मिल जाएंगे।
इसके अलावा, बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस और पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह जैसी पुरानी मांगें भी हड़ताल के एजेंडे में शामिल हैं।
बैंकों ने स्पष्ट किया है कि वे सामान्य सेवाएं बनाए रखने का प्रयास करेंगे, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण काउंटर सेवाओं, चेक क्लीयरेंस, नकद निकासी और ऋण से जुड़े कार्यों में देरी हो सकती है। रामगढ़ (Jharkhand) जिले के उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि यदि बैंक से संबंधित कोई आवश्यक कार्य है, तो उसे पहले ही निपटा लें।
हालांकि राहत की बात यह है कि नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की संभावना है। एटीएम सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी, लेकिन शाखा स्तर पर स्थिति अलग-अलग हो सकती है।