मां ने प्रेमी के साथ मिलकर 14 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या की, शव तालाब में फेंका

Spread the love

साहिबगंज ( झारखंड) : साहिबगंज जिला के बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही 14 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि 7 फरवरी की रात करीब 9 बजे आयुष ने अपनी मां मीनू देवी को उसके ममेरे भाई के पुत्र रोहित साहा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। आयुष ने इस संबंध का विरोध किया और परिवार व समाज में यह बात उजागर करने की बात कही थी।

इसी बात से घबराकर मीनू देवी और रोहित साहा ने मिलकर आयुष की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद घटना को हादसा दिखाने के उद्देश्य से दोनों ने शव को घर के पास स्थित तालाब में फेंक दिया।

घटना के बाद मृतक के पिता हेमंत कुमार साहा ने बरहरवा थाना को सूचना दी। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा बरहरवा थाना कांड संख्या 28/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की मां मीनू देवी एवं रोहित साहा को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से अवैध संबंध चल रहे थे।

इस संबंध में बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि आरोपी मां और उसके प्रेमी ने केवल इस कारण से बच्चे की हत्या कर दी, क्योंकि वह उनके अवैध संबंध का गवाह बन गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल की जाएगी।