बरकाकाना (रामगढ़) में बड़ा हादसा टला, पोचरा ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित बस घर में घुसी

Spread the love

बरकाकाना (रामगढ़), झारखंड :  रामगढ़–पतरातू मुख्य मार्ग पर पोचरा ओवरब्रिज के पास सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पतरातू से रामगढ़ (झारखंड) की ओर जा रही रोहित नामक बस (संख्या जेएच 02 एई 9022) रात करीब 10 बजे अचानक अनियंत्रित हो गई और चारदीवारी तोड़ते हुए सीधे एक आवासीय मकान में घुस गई।

बताया गया कि उक्त बस क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले मजदूरों को लाने-ले जाने का कार्य करती है। हादसे के समय बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही बरकाकाना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में लेकर ओपी परिसर ले जाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मकान मालिक और आसपास के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त मकान की भरपाई की मांग करते हुए बस को ओपी परिसर ले जाने से रोक दिया।

मौके पर मौजूद बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि बस मालिक की ओर से क्षतिपूर्ति करने की बात कही गई है। पुलिस मामले को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।