पतरातू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ जिला के पतरातू थाना क्षेत्र में बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे से नौ बजे के बीच अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। अपराधियों ने अलग–अलग चार स्थानों पर लगभग 40 राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी।
मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले अपराधियों ने सयाल सेल संचालन समिति के अध्यक्ष नितीश कुमार के सरैया ग्राम स्थित आवास पर करीब 9 राउंड फायरिंग की। इसके बाद पतरातू साइडिंग संचालक गजानंद प्रसाद उर्फ गज्जू प्रसाद के सरैया ग्राम स्थित आवास पर लगभग 20 राउंड गोलियां चलाई गईं।
इसके बाद सरैया बस्ती में संजय कुमार की दुकान के सामने भी फायरिंग की गई, जहां से पुलिस ने दो कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। वहीं, सौंड़ा बस्ती स्थित पंचू होटल के सामने भी अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की।
बताया जाता है कि दो अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधियों ने चारों स्थानों पर पहुंचकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे।
घटना के बाद पूरे पतरातू क्षेत्र में सनसनी फैल गई और भय का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पतरातू के एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, पतरातू इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार समेत पतरातू, बासल, भुरकुंडा और भदानीनगर थाना व ओपी के प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।