रामगढ़, झारखंड : जिले में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।
झारखंड पुलिस के अंतर्गत रामगढ़ जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाहों के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ खुद से कार्रवाई करना कानूनन गलत है और इससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
पुलिस के अनुसार यदि किसी व्यक्ति पर बच्चा चोरी से संबंधित कोई भी संदेह हो, तो आमजन स्वयं कोई कदम न उठाएं, बल्कि तत्काल निकटतम थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पतरातू/रामगढ़), पुलिस अधीक्षक कार्यालय रामगढ़ अथवा आपात सेवा डायल 112 पर सूचना दें।
पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया या मौखिक रूप से फैल रही भ्रामक खबरों से दूर रहें। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित जांच कर आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे जिम्मेदारी का परिचय दें और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।