रामगढ़, झारखंड : इनर व्हील क्लब ऑफ़ रामगढ द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए प्लास्टिक कलेक्शन ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत क्लब सदस्यों ने बड़ी मात्रा में प्लास्टिक एकत्र कर उसे पॉलिथीन डोनेट मिशन को सौंपा, जिसके बदले पौधे प्राप्त किए गए।
बताया गया कि यह संस्था पिछले कई वर्षों से रामगढ़, झारखंड में प्लास्टिक संग्रह एवं उसके पुनर्चक्रण का कार्य कर रही है और आम नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है। क्लब सदस्यों के सतत प्रयासों एवं विभिन्न रेस्टोरेंट्स के सहयोग से बीते कुछ महीनों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक एकत्र किया गया।
इस पहल का उद्देश्य जिम्मेदार प्लास्टिक निस्तारण को लेकर जागरूकता फैलाना तथा समुदाय में रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है। यह अभियान स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार के जागरूकता अभियानों एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में रेणु मेवाड़, जेनेशा वडेरा, मेघा बगड़िया, नीरु साहनी, अनुराधा श्रॉफ, पिंकी पोद्दार, रंजू अग्रवाल, रंजू अरोरा, जसमीत सोनी, गुरबक्श कौर एवं राजिन्दर कालरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।