रामगढ़, झारखंड : महिला सशक्तिकरण तथा कार्यस्थल पर स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड(बीएफसीएल) ने एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की है। कंपनी प्रबंधन द्वारा प्लांट एवं हेड ऑफिस दोनों स्थानों पर महिला कर्मचारियों के लिए आपातकालीन सेनेटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
यह सुविधा कंपनी में कार्यरत सभी महिला कर्मचारियों — ऑन-रोल एवं ऑफ-रोल — के लिए समान रूप से सुलभ रहेगी। औद्योगिक क्षेत्र में इस प्रकार की व्यवस्था को एक प्रगतिशील कदम माना जा रहा है, जो कार्यस्थल पर महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और सुविधा को मजबूत आधार प्रदान करेगा।
इस अवसर पर कंपनी के सीनियर जीएम (एचआर) जसपाल भांकर ने कहा कि बीएफसीएल में यह विश्वास किया जाता है कि एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगात्मक कार्य वातावरण प्रत्येक कर्मचारी का अधिकार है। महिला कर्मचारियों की आवश्यकताओं को समझते हुए यह पहल की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कंपनी की प्राथमिकता कार्यस्थल पर समानता, संवेदनशीलता और समावेशन को व्यवहारिक रूप देना है।
कंपनी प्रबंधन का मानना है कि सुरक्षित और सहयोगात्मक कार्य वातावरण से कर्मचारियों की उत्पादकता एवं मनोबल दोनों में सकारात्मक वृद्धि होती है। यह पहल न केवल महिला कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखती है, बल्कि एक समावेशी और उत्तरदायी कॉर्पोरेट संस्कृति को भी दर्शाती है।
सभी विभागाध्यक्षों से आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों में इस सुविधा की जानकारी व्यापक रूप से साझा करें, ताकि आवश्यकता की स्थिति में किसी भी महिला कर्मचारी को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बीएफसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी ऐसी जनहितकारी एवं प्रगतिशील पहलों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।