नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनजर डिस्पैच, रिसीविंग, मतगणना एवं सुरक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक आयोजित।
रामगढ़, झारखंड : नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, नगर पालिका सह उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में डिस्पैच, रिसीविंग, मतगणना, सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, सामान्य प्रेक्षक श्री राजेश प्रजापति तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री रविंद्र कुमार गुप्ता सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान निर्वाचन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर क्रमवार समीक्षा की गई। रामगढ़ महाविद्यालय रामगढ़ में डिस्पैच एवं रिसीविंग केंद्रों की व्यवस्था, मतगणना स्थल की तैयारी, सुरक्षा प्रबंधन, कार्मिकों की प्रतिनियुक्ति तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि डिस्पैच एवं रिसीविंग प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित किया जाए तथा मतगणना केंद्रों पर सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
सामान्य प्रेक्षक द्वारा भी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।