गिरिडीह (झारखंड) : गिरीडीह जिले के डुमरी क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डुमरी के कद्दावर नेता और जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश महतो की निर्मम हत्या कर दी गई है। उनका शव नीमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत खांखी जंगल से बरामद किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या से पहले राकेश महतो के साथ गंभीर मारपीट की गई। इसके बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से अपराधियों ने शव को पेड़ के पत्तों के ढेर में रखकर जलाने का प्रयास किया। जंगल में अधजले शव की सूचना मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिससे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह (झारखंड) के पुलिस अधीक्षक बिमल कुमारने त्वरित संज्ञान लेते हुए डुमरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को मामले की गहन जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार निमियाघाट व डुमरी थाना की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जाता है कि राकेश महतो डुमरी क्षेत्र में एक लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता थे। वह वर्ष 2016 में जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे और वर्तमान में झारखंड मुक्ति मोर्चा से जुड़े हुए थे। पुलिस हत्या के कारणों तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
फिलहाल गिरिडीह जिले के डुमरी और निमियाघाट (Jharkhand) क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।