कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, डीएवी रजरप्पा परियोजना के प्राचार्य डॉ. सुजीत कुमार सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक सूरज गुप्ता तथा मुखिया किरण देवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम दिन बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान मेला तथा खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं दूसरे दिन उमंग-2026 के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामुदायिक सहभागिता एवं वार्षिक उत्सव का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कुमारी नीलम ने कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार सभी पीएम श्री विद्यालयों में इस प्रकार के विद्यालय उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान विकसित करना तथा खेल-खेल के माध्यम से सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।
वहीं जिला अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान से संबंधित मेला एवं खेल आधारित गतिविधियों में भाग लेकर बच्चे सहज रूप से ज्ञान अर्जित कर सकेंगे।
कार्यक्रम में झारखंड शिक्षा परियोजना, रामगढ़ के क्षेत्र प्रबंधक राजवीर सिंह, एसपी एमयू के जिला समन्वयक आदित्य कुमार, प्राचार्य तजिन्द्र कौर, प्राचार्य मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, समन्वयक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।