रांची, झारखंड :चतरा जिला के सिमरिया प्रखंड के जंगलों में 23 फरवरी 2026 की देर शाम एक एयर एंबुलेंस के क्रैश हो जाने से उसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में दो चालक दल के सदस्य, एक चिकित्सक, एक पुरुष नर्स तथा इलाज के लिए ले जाए जा रहे मरीज और उनके परिजन शामिल हैं।
यह एयर एंबुलेंस लातेहार जिला के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जा रही थी। संजय कुमार पेशे से होटल व्यवसायी थे।
परिजनों के अनुसार, झुलसने की घटना के बाद उन्हें 16 फरवरी 2026 को देवकमल अस्पताल, रांची में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक संजय कुमार करीब 55 प्रतिशत तक झुलस चुके थे।
दुर्घटनाग्रस्त विमान में संजय कुमार के साथ उनकी पत्नी अर्चना देवी और एक रिश्तेदार धुरु कुमार भी सवार थे, जिनकी इस हादसे में मौत हो गई।
कुछ दिन पहले अजीत पवार के चार्टर्ड विमान से जुड़ी घटना और अब झारखंड के चतरा (सिमरिया) में हुई इस एयर एंबुलेंस दुर्घटना ने विमानों के रख-रखाव और उड़ान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।