रामगढ़ में एसआइआर-2026 का विशेष पुनरीक्षण अभियान पूरा, 100% मतदाताओं का कवरेज सुनिश्चित

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) :  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस अभियान के तहत जिले के बड़कागांव और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा अप्रमाणित प्रपत्रों (UEFs) का वर्गीकरण कर शत-प्रतिशत मतदाताओं का कवरेज सुनिश्चित किया गया।

जिला निर्वाचन प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 7,55,455 मतदाता पंजीकृत हैं। सभी मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र तैयार किए गए, जिनमें से 7,55,357 प्रपत्रों का वितरण किया गया। अभियान के दौरान 6,21,238 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया गया, जबकि शेष 1,34,217 अप्रमाणित प्रपत्रों का श्रेणीवार सत्यापन एवं वर्गीकरण किया गया।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रमाणित प्रपत्रों में 19,800 मृत मतदाता, 55,014 स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित, 12,437 पहले से अन्य स्थान पर पंजीकृत, 46,198 अनुपस्थित तथा 768 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों का पृथक-पृथक सत्यापन कर जिले के प्रत्येक मतदाता का रिकॉर्ड अद्यतन किया गया।

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की स्थिति

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,90,873 मतदाता दर्ज हैं। यहां 3,90,867 गणना प्रपत्र वितरित किए गए तथा 3,15,706 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया गया। इस क्षेत्र में कुल 75,167 अप्रमाणित प्रपत्र मिले, जिनमें 10,344 मृत, 38,756 स्थानांतरित, 7,227 अन्य स्थान पर नामांकित, 18,472 अनुपस्थित तथा 368 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं।

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की प्रगति

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,64,582 मतदाता हैं। यहां 3,64,490 प्रपत्र वितरित किए गए और 3,05,532 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया गया। इस क्षेत्र में 59,050 अप्रमाणित प्रपत्र दर्ज किए गए, जिनमें 9,456 मृत, 16,258 स्थानांतरित, 5,210 अन्य स्थान पर पंजीकृत, 27,726 अनुपस्थित तथा 400 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं।

5 अगस्त से दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां

जिला निर्वाचन प्रशासन ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अगले चरण के तहत 5 अगस्त 2026 से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित दावे एवं आपत्तियां (Claims & Objections) दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचना अवधि (Notice Period) निर्धारित की गई है।

अधिकारियों और बीएलओ का जताया आभार

जिला प्रशासन ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी निर्वाचक  निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, सुपरवाइजरों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने कहा कि इस व्यापक अभियान से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, जिससे भविष्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को और अधिक मजबूती मिलेगी।

साथ ही सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान मतदाता सूची का सत्यापन कर आवश्यक होने पर नाम जोड़ने, संशोधन कराने अथवा आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें।