
परेड की सलामी लेती मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
रामगढ़, झारखंड : देश की आजादी के 79 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को रामगढ़ जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। सिदो-कान्हू मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और समारोह में मौजूद जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने 15 अगस्त को देश के इतिहास का गौरवपूर्ण दिन बताते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और अमर वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भारत ने एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है और आज देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से झारखंड में विकास को गति मिल रही है।

मनरेगा में रामगढ़ को राज्य में प्रथम स्थान
मंत्री ने जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में मनरेगा के बेहतर क्रियान्वयन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में रामगढ़ को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया। निर्धारित 25,33,556 मानव-दिवस के लक्ष्य के मुकाबले जिले में 26,73,652 मानव-दिवस का सृजन किया गया, जो लक्ष्य का 106 प्रतिशत है। इसमें महिलाओं की भागीदारी 54 प्रतिशत रही। बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत 2,381 कूपों का निर्माण कराया गया।

आम की बागवानी से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिले में 1,062 एकड़ में आम बागवानी की योजनाएं संचालित की गईं। यहां उत्पादित 6 टन आम का लंदन और दुबई तक निर्यात किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण के साथ अबुआ आवास योजना और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य भी जारी है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर
ग्रामीण महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में पलाश के माध्यम से जिले के 329 गांवों के 94,215 परिवारों को संगठित किया गया है। इसके लिए 8,625 सखी मंडलों का गठन किया गया। सखी मंडलों को चक्रीय निधि और सामुदायिक निवेश निधि से सहयोग दिया गया, जबकि बैंक लिंकेज के माध्यम से लगभग 2,600 करोड़ रुपये के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को वैकल्पिक रोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण की सहायता दी जा रही है।

स्वास्थ्य और शिक्षा को दी जा रही प्राथमिकता
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिले में ई-संजीवनी, UDID कार्ड, मातृत्व सेवाएं, मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा टीबी मरीजों के निःशुल्क इलाज और पोषण सहायता जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। DMFT के तहत सदर अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को अपग्रेड किया जा रहा है। शिक्षा क्षेत्र में भी विद्यालयों के आधारभूत ढांचे और सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य चल रहा है।
जिले के 606 सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले 72,087 बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यालयों में ICT लैब सहित डिजिटल सुविधाएं भी संचालित हैं। रामगढ़ कैंट के बालिका मध्य विद्यालय के कक्षा 3 के छात्र लक्ष्य कुमार वर्णवाल ने National Level FLN Championship 2026 में अंग्रेजी विषय में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हजारों परिवारों तक
विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से लाभुकों को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 1,27,970 लाभुकों को 2,500 रुपये की दर से भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री दिव्यांग कल्याण योजना के जरिए भी पात्र लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मत्स्य उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य
जिले के विभिन्न प्रखंडों में दाल-भात केंद्रों का संचालन हो रहा है और खाद्य सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में रामगढ़ में 10,500 टन मछली उत्पादन हुआ, जबकि वर्ष 2026-27 के लिए 12,000 टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मत्स्य पालकों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए DMFT के माध्यम से केज बैटरी की स्थापना भी की गई है।
श्रमिकों से लेकर जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ
पशुधन विकास, श्रमिक कल्याण, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, आपदा प्रबंधन और वनाधिकार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। श्रम विभाग के ई-श्रम पोर्टल पर जिले के 2,77,157 मजदूरों का पंजीकरण कराया गया है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
पर्यटन के विकास पर भी विशेष ध्यान
रामगढ़ की पर्यटन क्षमता को विकसित करने के लिए कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। पतरातू डैम के छठ घाट के समीप Musical Fountain का निर्माण पूरा कर 16 जुलाई 2026 को उद्घाटन किया जा चुका है। महामाया मंदिर माया टुंगरी, मां पंचवाहिनी मंदिर, शिव मंदिर कैथा और टूटी झरना जैसे पर्यटन स्थलों के विकास की प्रक्रिया जारी है।
पलानी वाटर फॉल को ट्रैकिंग रूट के रूप में अधिसूचित किया गया है। खेल क्षेत्र में भी नई सुविधाओं के विकास की योजना है तथा रामगढ़ में खेल छात्रावास और जिला स्तरीय कला केंद्र के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में काम
मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत जिले में कई योजनाएं प्रगति पर हैं। प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों और आवासीय भवनों का निर्माण भी जारी है। इन परियोजनाओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क, प्रशासनिक सुविधाओं और नागरिक सेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस वित्तीय वर्ष में DMFT के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए करीब 102.5 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं से बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
रामगढ़ को मिली कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां
विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के चलते रामगढ़ को कई उपलब्धियां मिली हैं। मनरेगा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान के अलावा मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना में रामगढ़ को उत्कृष्ट जिला के रूप में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। गोला प्रखंड को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में स्वच्छ एवं स्वस्थ प्रखंड और दुलमी को उत्कृष्ट प्रखंड के रूप में सम्मानित किया गया है।
TB Mukt Campaign के तहत Food Basket Distribution में भी रामगढ़ ने झारखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। इसे जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर खाद्य सामग्री पहुंचाने का परिणाम बताया गया।
छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, रामगढ़ की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति दी। बैंड समूह को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता सेनानी कृष्णा राम की आश्रिता को भी शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति देने वाली राधा गोविंद पब्लिक स्कूल रामगढ़ की छात्राओं को भी मोमेंटो दिया गया। कार्यक्रम के संचालन के लिए श्री कमल किशोर बगड़िया और शिक्षक श्री दिलीप शाह को भी सम्मानित किया गया।
झारखंड अलग राज्य के गठन के आंदोलन से जुड़े चिन्हित आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक, आंगनबाड़ी कर्मी, प्रगतिशील किसान, मत्स्य पालक और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। इनमें शंकर कुमार दास, नीतू कुमारी, फणींद्र कुमार गुप्ता, हरिहर साव, पंकज कुमार, अशोक कुमार, शिवलाल गुप्ता, राजेश कुमार, प्रताप कुमार सिंह, वेदांत कुमार, डॉक्टर सरिस सना, रीना देवी, सुधा कुमारी, सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, मनीषा धवन, रीता देवी, गीता देवी, अनीता देवी, शुभम सचान, शशिकांत महतो, किशोरी केवट, करण कुमार, गणेश महतो, सरिता देवी, महेंद्र कुमार कश्यप, नयन गोस्वामी, आरती रजक, चित्रा सिंह मुंडा, राजेश भास्कर और सतीश कुमार समेत अन्य नाम शामिल रहे।
अधिकारियों ने भी अपने कार्यालयों में किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने अपने गोपनीय कार्यालय और जिला समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कार्यालय के सामने ध्वजारोहण किया। पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत ने समाहरणालय के ब्लॉक-सी और उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने ब्लॉक-बी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा माना जाएगा, जब योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें, महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और प्रत्येक परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके। उन्होंने रामगढ़वासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।
Permalink: