परेड कर सलामी देता पीआरसी का बैंड दल
रामगढ़ कैंट, (झारखंड) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छावनी परिषद रामगढ़ के तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्रीड़ांगण (रामगढ़ फुटबॉल मैदान) में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद छावनी कन्या मध्य विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी।

समारोह को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने रामगढ़वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद अपने क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। परिषद की ओर से नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ क्षेत्र के विकास पर लगातार काम किया जा रहा है।

स्वच्छता अभियान का दिख रहा असर
ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने कहा कि हाल के दिनों में छावनी परिषद ने क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में विशेष प्रयास शुरू किए हैं। इन प्रयासों का असर अब दिखाई देने लगा है और लोगों को गंदगी से राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिषद क्षेत्र में विकास की कई योजनाओं पर भी काम कर रही है।

नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की दी जानकारी
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने परिषद की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपस्थित लोगों के समक्ष रखी। उन्होंने नागरिक सुविधाओं के लिए भविष्य में किए जाने वाले कार्यों की प्राथमिकताओं के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं को लगातार बेहतर करना है।

बैंड दल और विद्यार्थियों ने दी परेड की सलामी
समारोह में पंजाब रेजिमेंटल सेंटर रामगढ़ के बैंड दल ने मधुर धुनों के साथ परेड प्रस्तुत कर सलामी दी। इसके अलावा छावनी परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी अनुशासित मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने परेड की सलामी ली।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। देशभक्ति और सांस्कृतिक रंग से सजे इन कार्यक्रमों ने समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
