गोला (रामगढ़), झारखंड : पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देश पर शनिवार को गोला थाना क्षेत्र स्थित राज्य संपोषित प्लस-2 उच्च विद्यालय, गोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस निरीक्षक, गोला अंचल एवं गोला थाना के पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यालय के विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम, पॉक्सो एक्ट, नशा मुक्ति तथा साइबर अपराध के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कम उम्र में विवाह से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति सचेत किया।
कार्यक्रम के दौरान पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल विश्वसनीय व्यक्ति अथवा पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध से बचाव के लिए ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी एवं निजी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने को कहा गया।
पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से जागरूक नागरिक बनने और किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।