राजस्थान की धरती पर कवि कैलाश कुमार का परचम, राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से हुए सम्मानित

Spread the love

रामगढ, झारखंड  :  रामगढ़ (झारखंड) जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। दुलमी प्रखंड अंतर्गत पोटमदगा गांव निवासी प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार कैलाश कुमार को गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में देशभर से चयनित लगभग 150 विशिष्ट प्रतिभाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कवि कैलाश कुमार, पिता स्वर्गीय भुवनेश्वर महतो, को हिंदी साहित्य एवं रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रियता तथा भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया।

कैलाश कुमार वर्तमान में चितरपुर प्रखंड के बड़कीपोना स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे लंबे समय से साहित्य सृजन में सक्रिय हैं। उनकी साहित्यिक यात्रा बेहद समृद्ध मानी जाती है। अब तक वे हिंदी में तीन हजार से अधिक कविताओं की रचना कर चुके हैं, जिनमें समाज की जमीनी सच्चाइयों, राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदनाओं और समसामयिक मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

उनकी 14 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें कविता, शायरी, बाल साहित्य और विचारात्मक रचनाएं शामिल हैं। उनकी रचनाओं में सामाजिक कुरीतियां, दहेज प्रथा, पर्यावरण संरक्षण, किसानों की समस्याएं, जनसंख्या वृद्धि और देशभक्ति जैसे विषय प्रमुख रूप से देखने को मिलते हैं। उनकी लेखनी समाज को जागरूक करने और सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देती है।

साहित्य लेखन के साथ-साथ कवि कैलाश कुमार युवाओं में रचनात्मकता विकसित करने के उद्देश्य से कवि सम्मेलन, साहित्यिक गोष्ठियों और लेखन कार्यशालाओं के माध्यम से भी लगातार सक्रिय रहते हैं।

इस उपलब्धि से दुलमी, चितरपुर सहित पूरे रामगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। शिक्षाविदों, साहित्यकारों और जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया है। इस सम्मान पर बीईईओ सुलोचना कुमारी, बीपीओ इंशा अल्लाह, मुखिया रंजु देवी, शिक्षक नरोत्तम कुमार, राजेश ओहदार, समाजसेवी चरण केवट सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।