
जुटे लोगों को हटाते पुलिस कर्मी
पतरातू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। यह कार्रवाई पतरातू थर्मल पावर स्टेशन (पीटीपीएस) की उस भूमि पर की जा रही है, जिसे औद्योगिक विकास के लिए झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जियाडा), रांची को हस्तांतरित किया गया है।
प्रशासन के अनुसार मौजा हेसला, उचरिंगा एवं कटिया क्षेत्र में स्थित उक्त भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा बना हुआ था। कई लोग पीटीपीएस के पुराने एवं जर्जर क्वार्टरों में रह रहे थे, जिससे प्रस्तावित औद्योगिक विकास कार्य प्रभावित हो रहा था। इसी कारण अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

चलता बुलडोजर
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद कार्रवाई में आई तेजी
इस प्रकरण में झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन को परिसर खाली कराने की अनुमति मिली है। न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में 12 फरवरी से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे से पटेल चौक, जनता नगर, मां शीतला मंदिर क्षेत्र (टाइप-2, जनता नगर), जल शोध प्रतिष्ठान परिसर तथा बिरसा मार्केट स्थित दुर्गा पूजा स्थल सहित कई चिन्हित स्थानों पर बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाया गया।
