दामोदर नदी तट स्थित मुक्तिधाम संस्था ने  रामगढ़ (झारखंड) में गांधी जी की पुण्यतिथि मनाई गई, उपायुक्त व एसपी ने किया नव-निर्मित कार्यों का उद्घाटन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : दामोदर नदी तट स्थित मुक्तिधाम संस्था परिसर में महात्मा गांधी की सांकेतिक राजघाट पर उनकी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। समाधि स्थल को फूलों से सजाया गया था। शहर के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर गांधी जी की समाधि पर ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाकर एवं परिक्रमा कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कुछ समय पश्चात माननीय उपायुक्त, माननीय पुलिस अधीक्षक, माननीय एनडीसी महोदय एवं अपर निर्वाचन पदाधिकारी श्री रविंद्र कुमार गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी समाधि स्थल पर पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान घाट पर लगाए गए नए टाइल्स के कार्य का निरीक्षण कर उसका उद्घाटन भी किया गया। उपायुक्त ने घाट के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की सराहना की।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने गांधी जी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा परिसर में स्थापित नवनिर्मित महाकाल की प्रतिमा को नमन किया। परिसर में शिव योगी एवं महानंदेश्वर घंटा की ध्वनि के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात कर देश को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने गांधी जी के तीन संदेश—बुरा मत बोलो, बुरा मत सोचो और बुरा मत करो—का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समाज इन मूल्यों को अपनाए तो आपसी विवाद स्वतः समाप्त हो सकते हैं।

कार्यक्रम में कमल बगड़िया ने ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां हुए अधिवेशन के दौरान महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बीच मतभेद सामने आए थे, जिसके बाद कांग्रेस दो भागों में विभाजित हुई थी। इसी स्मृति से जुड़ा एक कलश, जिसमें गांधी जी की अस्थि रखी गई है, आज भी मुक्तिधाम संस्था में सुरक्षित है।

इसके पश्चात रामगढ़, झारखंड की विधायक ममता देवी कार्यक्रम में पहुंचीं और गांधी जी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने नवनिर्मित महाकाल प्रतिमा का अनावरण भी किया।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष कमल बगड़िया सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर कमल बगड़िया, ध्रुव सिंह एवं माही द्वारा निर्गुण भजनों की प्रस्तुति दी गई। अंत में अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।