पत्रकार वार्ता कर प्रत्याशी की घोषणा करना बना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, रामगढ़( झारखंड ) में जेएलकेएम के प्रदेश अध्यक्ष व प्रत्याशी पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  नगर पालिका आम निर्वाचन, 2026 के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। नगर परिषद, रामगढ़ के अध्यक्ष पद से संबंधित पत्रकार वार्ता और प्रेस विज्ञप्ति को जिला निर्वाचन प्रशासन ने आचार संहिता का उल्लंघन माना है।

कार्यालय निर्वाची पदाधिकारी (अध्यक्ष पद), नगर परिषद, रामगढ़ द्वारा थाना प्रभारी, रामगढ़ को पत्र भेजकर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा नगरपालिका आम निर्वाचन, 2026 के अंतर्गत संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है।

प्रशासन को प्राप्त सूचना एवं संलग्न साक्ष्यों के अनुसार दिनांक 30 जनवरी 2026 को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) द्वारा प्रेस विज्ञप्ति एवं पत्रकार वार्ता के माध्यम से नगर परिषद, रामगढ़ के अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी के नाम की सार्वजनिक घोषणा की गई। इसके साथ ही प्रत्याशी का परिचय, दृष्टि पत्र (विजन डॉक्यूमेंट) तथा जनता के नाम संदेश भी जारी किया गया।

निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, आदर्श आचार संहिता लागू रहने के दौरान इस प्रकार का सार्वजनिक प्रचार-प्रसार एवं राजनीतिक घोषणा करना आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले में
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रदेश अध्यक्ष श्री देवानन्द कुमार महतो
तथा
रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी श्रीमती अनीता कुमारी, पति–सत्येन्द्र कुमार मुंडा, वार्ड संख्या–27 (हुहुआ)
के विरुद्ध झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई की जाए।

निर्वाचन कार्यालय द्वारा भेजे गए पत्र के साथ प्रेस विज्ञप्ति की छायाप्रति, पत्रकार वार्ता के छायाचित्र एवं दृश्य-श्रव्य अभिलेख (फोटो व वीडियो), केंद्रीय अध्यक्ष को भेजे गए पत्र की प्रति तथा सामाजिक माध्यम (फेसबुक) की कड़ी भी साक्ष्य के रूप में संलग्न की गई है।

जिला निर्वाचन प्रशासन, रामगढ़, Jharkhand ने स्पष्ट किया है कि नगर पालिका चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।